श्री नाग ने कहा, बैंक लोन के लंबित प्रकरण एक सप्ताह में करें निराकृत

कोरबा। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कोरबा दिनेश कुमार नाग ने मंगलवार को जिला पंचायत सभागार में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की समीक्षा बैठक लेकर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सीईओ श्री नाग ने निर्देशित किया कि ‘लखपति दीदी’ योजना के अंतर्गत सभी पात्र हितग्राहियों की ऑनलाइन एंट्री शीघ्र पूर्ण की जाए, ताकि उन्हें समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है, अतः इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में सीईओ ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत परिवार समावेशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने समूह एवं व्यक्तिगत बैंक लोन वितरण के लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर एक सप्ताह के भीतर निराकृत करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इसके साथ ही सीईओ श्री नाग ने आईएफसी तथा एफपीओ के अंतर्गत फसलों के रकबे में वृद्धि करने पर जोर देते हुए कहा कि किसानों को संगठित कर उन्हें अधिक से अधिक लाभ पहुंचाया जाए। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के नियमित मॉनिटरिंग एवं फील्ड स्तर पर सतत अनुश्रवण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला अधिकारी एवं जनपद स्तरीय मैदानी कर्मचारी उपस्थित रहे।