आदर्श नगर की प्रीति मिश्रा और रेणु गुप्ता ने पेश की मिसाल

कोरबा। ग्राम ढपढप में चल रही भव्य हनुमंत कथा के बीच एक ऐसी प्रेरक घटना सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र में ईमानदारी की नई मिसाल कायम की है। एक ओर कथा स्थल पर भारी भीड़ के बीच सोने के आभूषण के चोरी होने की खबरों से चिंता का माहौल बना हुआ था, वहीं दूसरी ओर दो महिलाओं ने लगभग 3 लाख रुपए मूल्य का सोने की चेन लौटाकर यह साबित कर दिया कि समाज में आज भी सच्चाई और नेक नीयत इंसानी दिल जिंदा है।
जानकारी के अनुसार, आदर्श नगर निवासी प्रीति मिश्रा और रेणु गुप्ता कथा स्थल पर मौजूद थीं और श्रद्धा भाव से कथा श्रवण कर रही थीं। इसी दौरान उन्हें परिसर में एक सोने का चेन मिला। सामान्यतः ऐसी स्थिति में लोग चुप्पी साध लेते हैं, लेकिन इन दोनों महिलाओं ने लालच से ऊपर उठकर ईमानदारी का रास्ता चुना और चेन को उसके असली मालिक तक पहुंचाने का निश्चय किया।
दोनों महिलाओं ने इस संबंध में कुसमुंडा क्षेत्र के पत्रकार ओम गवेल से संपर्क कर पूरी जानकारी साझा की। अगले दिन उन्होंने स्वयं कथा स्थल पहुंचकर चेन लौटाने का प्रयास भी किया, लेकिन अत्यधिक भीड़ और व्यवस्थागत कारणों से वे कथा पंडाल तक नहीं पहुंच सकीं। इसके बाद पत्रकार श्री गवेल ने अपनी सक्रियता और जिम्मेदारी निभाते हुए आयोजन समिति से संपर्क किया और चेन को सुरक्षित रूप से समिति के सुपुर्द कर दिया।
बताया जा रहा है कि यह सोने का चेन लगभग दो तोला वजनी, और बाजार मूल्य करीब 3 लाख रुपए है।
यह घटना कथा स्थल और आसपास के क्षेत्रों में चर्चा का विषय बनी हुई है। हर कोई प्रीति मिश्रा, रेणु गुप्ता और पत्रकार ओम गवेल की सराहना कर रहा है। लोगों का कहना है कि जब समाज में इस तरह के उदाहरण सामने आते हैं, तो मानवता पर विश्वास और मजबूत होता है। ग्राम ढपढप की इस पावन कथा से निकली यह खबर लोगों को यह संदेश दे रही है कि धर्म का वास्तविक अर्थ सदाचार, सेवा और सत्यनिष्ठा है। आज के समय में जब लोग छोटी-छोटी बातों में भी स्वार्थ खोजने लगते हैं, ऐसे दौर में तीन लाख रुपए मूल्य का स्वर्ण आभूषण लौटाना निस्संदेह असाधारण ईमानदारी का परिचायक है।