
रायगढ़ । छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि सार्वजनिक जीवन में ऊंचे पद पर पहुंचने के बाद भी अपने पुराने साथियों के साथ संबंधों को निभाना उनकी विशेष पहचान है। सुशासन तिहार के अंतर्गत ग्राम कुसमूरा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री अपने पुराने सहयोगी सनत नायक के निवास पहुंचे और उनके परिवारजनों से आत्मीय मुलाकात की।
श्री साय ने परिवार के सदस्यों के साथ सहज संवाद करते हुए पुराने दिनों की स्मृतियां साझा की तथा उनके घर पर भोजन भी किया। यह आत्मीय मुलाकात इस बात का उदाहरण है कि जीवन में कितनी भी बड़ी सफलता मिल जाए, रिश्तों और साथ निभाने वाले लोगों का महत्व हमेशा बना रहता है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायगढ़ क्षेत्र से चार बार सांसद रह चुके हैं। इस दौरान सनत नायक ने एक सहयोगी के रूप में उनके साथ रहते हुए बखूबी कार्य किया है।
इस अवसर पर वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह, नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, नगर पालिका खरसिया अध्यक्ष कमल गर्ग के अलावा अरुणधर दीवान सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।