जनसंपर्क विभाग में अनवरत 36 वर्षों तक दी उल्लेखनीय सेवाएं

आयुक्त जनसंपर्क डॉ. रवि मित्तल, सेवानिवृत्त श्री दरियो का सम्मान करते हुए
रायपुर, (प्रखर मीडिया)। जनसंपर्क विभाग छत्तीसगढ़ में 36 वर्षों तक अपनी उत्कृष्ट और समर्पित सेवाएं देने के बाद अपर संचालक श्री जवाहर लाल दरियो के सेवानिवृत्त होने के अवसर पर नवा रायपुर स्थित संवाद ऑडिटोरियम में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन कर भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर आयुक्त जनसंपर्क डॉ. रवि मित्तल सहित जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने श्री दरियो के स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में आयुक्त जनसंपर्क डॉ. रवि मित्तल ने श्री दरियो की सेवा, समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा की भरपूर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि श्री दरियो का संपूर्ण सेवाकाल विभाग के लिए प्रेरणा स्रोत रहा है। श्री मित्तल ने श्री दरियो को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और स्वस्थ, सुदीर्घ और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
सहकर्मियों ने साझा किए संस्मरण
अपर संचालक उमेश मिश्रा ने उनके साथ किए गए कार्य के अपने अनुभव को शेयर करते हुए कहा कि अविभाजित मध्य प्रदेश के इंदौर से जब उनका स्थानांतरण हुआ तो श्री दरियो ने ही उन्हें कार्यभार ग्रहण कराया था। उन्होंने कहा कि श्री दरियो का सहयोगात्मक रवैया और प्रशासनिक समझ उनके लिए हमेशा मार्गदर्शक रही।अपर संचालक संजीव तिवारी ने भी श्री दरियो की कार्यशैली, अनुशासन, सहजता, सरलता और दायित्वों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की प्रशंसा की।

कार्यक्रम का संचालन अपर संचालक श्री आलोक देव ने किया। उन्होंने श्री दरियो की जीवनी सहित दीर्घ सेवाकाल, विभागीय योगदान और प्रशासनिक दक्षता पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसी क्रम में, अपने सारगर्भित उद्बोधन में श्री जे.एल. दरियो ने विभाग के सभी वरिष्ठ अधिकारियों से प्राप्त मार्गदर्शन और सहकर्मियों से मिले सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा कि आप सभी लोगों के सहयोग से ही वह अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करने में सफल रहे हैं।