
रायपुर, प्रखर मीडिया | राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा) गणेश शंकर मिश्रा के सम्मान में मुरा में आयोजित कार्यक्रम क्षेत्रवासियों के लिए एक जनउत्सव बन गया। दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना से आरंभ हुए कार्यक्रम में बाइक रैली, कार काफिला, स्वागत द्वार और पुष्पवर्षा के बीच मिश्रा का खरोरा होते हुए मुरा आगमन हुआ।

सैकड़ों युवाओं और दर्जनों वाहनों के काफिले के साथ शहर में भारी भीड़ उमड़ी। मिश्रा ने गुरुद्वारे में मत्था टेककर सिख समाज से पारिवारिक संबंध याद किए और महामाया मंदिर में पूजा-अर्चना की। मुरा में प्रवेश पर ग्रामीणों ने माल्यार्पण और पुष्प वर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया।

पंडित लखनलाल मिश्रा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते समय मिश्रा भावुक हो गए। ग्रामीणों ने उन्हें उनके वजन के बराबर लड्डुओं से तौला, जो कार्यक्रम का आकर्षण बना। कार्यक्रम में आसपास के 20-25 गांवों से भारी संख्या में लोग शामिल हुए। जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, नगर पंचायत खरोरा अध्यक्ष अनिल कुमार सोनी, पूर्व सरपंच और अन्य जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर श्री मिश्रा ने कहा, “मैं आज अपने परिवार के बीच आया हूँ और आप सबका आशीर्वाद चाहता हूँ।” उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नया दायित्व प्रदेश सेवा का अवसर है।